झारखंड

झारखंड : रक्षाबंधन पर घर जा रहे भाई और दोस्त की सड़क हादसे में मौत

Manish Sahu
1 Sep 2023 3:16 PM GMT
झारखंड : रक्षाबंधन पर घर जा रहे भाई और दोस्त की सड़क हादसे में मौत
x
झारखंड: जमशेदपुर के शंकोसाई से बहन से राखी बंधवाने धालभूमगढ़ के तेतुलडांगा जा रहे भाई और उसके दोस्त की दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार दूसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशुन शर्मा का रांची के रिम्स में इलाज चल रहा है। हादसा बुधवार रात तेतुलडांगा भाटाजोड़ पुल के बाइक के पेड़ से टकराने से हुआ। गुरुवार को दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
एक ही बाइक पर थे तीनों : जयदेव पाल दोस्त राजवीर मुर्मू और किशुन शर्मा शंकोसाई रिफ्यूजी कॉलोनी रोड नंबर-2 से बुधवार रात एक बाइक पर तेतुलडांगा जा रहे थे। भाटाजोड़ पुल के पास बाइक पेड़ से जा टकराई। इस घटना में जयदेव की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजवीर एवं किशुन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को घाटशिला अस्पताल पहुंचाया, जहां राजवीर की भी मौत हो गई। किशुन को पहले एमजीएम फिर रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर जीजा पहुंचे : तेतुलडांगा के सरोज सील ने बताया कि एक ही बाइक पर तीनों युवक उनके चचेरे भाई के घर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंचे तो चचेरे भाई के साला जयदेव को मृत पाया।
चारों बहनों से राखी बंधवाने की तमन्ना रह गई अधूरी
धालभूमगढ़ में हुई सड़क दुर्घटना में मृत जयदेव पाल के परिवार के लोग सूचना मिलने पर मानगो शंकोसाई रोड नंबर स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी से बुधवार रात धालभूमगढ़ चले गए। घर में ताला लगा हुआ था। चोरों ने इसका फायदा उठाकर बुधवार रात ही चोरी कर ली। चोर मकान से करीब दो लाख का सामान चुराकर ले गए। जयदेव पाल की मां संध्या पाल के बयान पर उलीडीह थाने में केस दर्ज किया गया है। एक तरफ बेटे की मौत का गम था तो दूसरी ओर चोरों ने भी चोरी कर गम दे दिया।
जयदेव की चार बहनें हैं, जिसमें तीन धालभूमगढ़ में हैं। एक बहन बंगाल में रहती है, जो शंकोसाई में आई थी। जयदेव अपने दोस्त राजवीर मुर्मू और किशुन शर्मा के साथ तीनों बहनों से राखी बंधवाने धालभूमगढ़ गया था। उसकी योजना थी कि बुधवार रात नौ बजे के बाद राखी बंधवाकर घर लौट आएगा और गुरुवार सुबह अपनी बंगाल से आई बहन से राखी बंधवा लेगा।
कक्षा 10वीं का छात्र था राजवीर : राजवीर मुर्मू स्थानीय सोमाय स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। उसकी जयदेव से दोस्ती थी। घाटशिला में शव के पोस्टमॉर्टम के बाद नारगा स्थित उसके गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके पिता टाटा स्टील में काम करते हैं।
किशुन रिम्स रेफर : इधर, घायल किशुन शर्मा को बेहतर इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया है। पहले उसे एमजीएम ले जाया गया था। उसके सिर पर अधिक चोट लगी है। वह राजवीर और जयदेव पाल का दोस्त है। राजवीर रिफ्यूजी कॉलोनी का निवासी था, जबकि राजदेव पाल शंकोसाई में रहता था। लेकिन घर में चोरी और मौत के बाद राजदेव का परिवार रिफ्यूजी कॉलोनी आ गया, क्योंकि यहां भी उनका मकान है। घटना के बाद पूरी बस्ती में मातम का माहौल छाया रहा। राजदेव की सभी बहनें शंकोसाई रिफ्यूजी कॉलोनी आ गयी थीं। शाम के सात बजे शव को शंकोसाई लाया गया जहां से अंतिम यात्रा निकली।
Next Story