
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : सामान्य बीमा निगम (जीआइसी) से जुड़े कोल्हान के लगभग 800 कर्मचारी अपनी चार सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। निगम से जुड़े नेशनल, न्यू इंडिया, यूनाइटेड और ओरिएंटल इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के कोल्हान के पांच डिवीजनल और दर्जनों ब्रांच ऑफिसों में शुक्रवार को ताला नहीं खुला। हड़ताल के बैनर गेट पर लगा दिये गये थे। इसके कारण काम से आने वाले लोग निराश लौट गये। यह मूल रूप से तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों की हड़ताल थी परंतु समर्थन अधिकारियों का भी था। कर्मचारी नेता अशोक बोस ने बताया कि ज्वाइंट फ्रंट ऑफ ट्रेड यूनियंस के आह्वान पर एक दिनी सांकेतिक हड़ताल हुई, जिसे देश भर के 22 एसोसिएशन का समर्थन हासिल है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों में पांच वर्षों से लंबित वेतन पुनरीक्षण समझौता करना, नये कर्मचारियों के लिए भी पुरानी पेंशन योजना को लागू करना, फैमिली पेंशन में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी जैसी मांगें शामिल है। उन्होंने बताया कि यह सांकेतिक हड़ताल थी। परंतु मांगें नहीं मानी गईं तो फिर आंदोलन तेज होगा।
