
x
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : नगर निगम में नौकरी लगाने के नाम पर 14 युवक और एक युवती से हुई ठगी मामले में गुरुवार की रात धनबाद थाना में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। ठगी के शिकार युवाओं ने मामले की शिकायत धनबाद थाना में की थी। शिकायत की प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भुक्तभोगी सरायढेला कोलाकुसमा लिपिडीह निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि उसके भाई का परिचित साहिल शेख ने बताया था कि वह निगम में नौकरी लगाता है। निगम के पदाधिकारियों से उसका परिचय है। उसे टैक्स कलेक्टर की जॉब देने का झांसा दिया गया। बताया गया था कि नौकरी लगने के बाद सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी। शुभम की तरह रॉकी पंडित और विशाल कुमार गुप्ता सहित अन्य को भी टैक्स कलेक्टर बनाने के नाम पर ही ठगा गया। फोन पे के माध्यम से आरोपी ने अप्रैल से जून तक तक युवाओं से सात से 11 हजार रुपए ले लिए। आरोपी साहिल ने आरजू तमन्ना और अपने (साहिल) बैंक खाते में फोन पे के जरिए रुपए लिए। ठगी के शिकार लड़कों ने बैंक से लेन-देन के साथ आरोपी की तस्वीर पुलिस को उपलब्ध कराई है। आवेदन में बताया गया है कि जब साहिल पर लड़के नौकरी लगाने या रुपए लौटाने का दबाव बनाने लगे तो वह सबको डराने के लिए गोविंदपुर थाना आने को कहता था। आरोपी लड़कों को निगम से जुड़ी एक एजेंसी की एचआर के नाम पर भी झांसा दिया गया था। पुलिस पता लगा रही है कि ठगी में किस-किस की भूमिका है।
source-hindustan

Admin2
Next Story