झारखंड

हजारीबाग में कोयला कंपनी के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

jantaserishta.com
19 Nov 2026 10:58 AM IST
हजारीबाग में कोयला कंपनी के गेट पर अंधाधुंध फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
x
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात निजी क्षेत्र के लिए कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग करने वाली ऋत्विक कंपनी के मुख्य गेट पर कई राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति में राहुल दुबे गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इसमें कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों को धमकी भी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने कंपनी के गेट पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल कथित संदेश में आठ से दस राउंड गोलियां चलाने की बात कही गई है। इसमें कंपनी के कार्यालय, कर्मचारियों और मुंशी को निशाना बनाने, कार्यस्थल पर बम फेंकने और कंपनी के कामकाज को बंद कराने की धमकी दी गई है।
संदेश में अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नामों का भी उल्लेख है। कोयला खनन और ढुलाई से जुड़ी कंपनियों पर झारखंड में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले चार महीनों में चतरा, रामगढ़, हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की करीब 15 घटनाएं हुई हैं। इनमें कंपनियों के कार्यालय, गेट, कारोबारियों के आवास और सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया गया है।
इससे पहले 12 नवंबर को चतरा के टंडवा स्थित होन्हे गांव में एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग हुई थी। सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से जारी कथित पत्र में इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। 26-27 अक्टूबर को उरीमारी कोलियरी क्षेत्र में सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर हुई फायरिंग में सुरक्षा गार्ड विवेक कुमार ओझा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में हजारीबाग पुलिस ने आरोपी अंशु दुबे को गिरफ्तार किया था।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में रांची के कांके क्षेत्र में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास और हजारीबाग में एके इंटरनेशनल होटल के बाहर भी फायरिंग हुई थी। वहीं, 23 अगस्त को चतरा के टंडवा स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में काम कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर गोलीबारी हुई थी। उस घटना की जिम्मेदारी भी राहुल दुबे गैंग के नाम से ली गई थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story