झारखंड

रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

Kiran
27 Oct 2026 10:29 AM IST
रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी
x
रांची: चक्रवाती तूफान 'अरनाब' के असर से रांची में 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां करने का निर्देश दिया है।
इन इलाकों में भारी बारिश से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
जिला प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के कारण रांची के निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव हो सकता है। कच्चे मकानों, झुग्गी-बस्तियों और कमजोर इमारतों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है। साथ ही, नदियों और बड़े नालों में जलस्तर बढ़ सकता है। इसके अलावा, खेतों में पानी जमा होने से फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति को देखते हुए, रांची के उपायुक्त ने अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है।
- सभी विभाग अलर्ट रहें: आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व और जल संसाधन विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखें।
- नालों की सफाई हो: सड़कों और नालों को साफ रखा जाए, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।
- निचले इलाकों पर विशेष ध्यान दें: जहां जलजमाव की संभावना है, वहां लगातार निगरानी रखी जाए।
- जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं: कमजोर मकानों और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
- किसानों को सलाह दें: खेतों में पानी जमा होने से फसलों को बचाने के लिए किसानों को जरूरी जानकारी दी जाए।
आम लोग इन बातों का ध्यान रखें
- निचले और जलजमाव वाले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें।
- बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलें। केवल बहुत जरूरी होने पर ही बाहर जाएं।
- कच्चे मकानों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
- नदियों, नालों और जलजमाव वाले इलाकों के पास न जाएं।
- किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
Next Story