
Jharkhand: गुमला जिले से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर सामने आया है। जिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित कल्याण गुरुकुल गुमला में प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिसमें कई युवाओं का चयन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए हुआ है। कार्यक्रम का आयोजन बैच संख्या 101 और 103 के प्रशिक्षुओं के लिए फ्लैग ऑफ सह नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के रूप में किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान और जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
दुबई और हैदराबाद में मिला रोजगार
इस कार्यक्रम में टाइल्स टेक्नीशियन ट्रेड के प्रशिक्षुओं का चयन संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में रोजगार के लिए किया गया है। वहीं शटरिंग कारपेंटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं को हैदराबाद स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में नौकरी मिली है। यह चयन गुमला जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अधिकारियों ने दिया प्रेरणादायक संदेश
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यस्थल पर अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत के साथ काम करना चाहिए, ताकि वे गुमला और झारखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान ने युवाओं को सुरक्षित और सकारात्मक कार्य संस्कृति अपनाने की सलाह दी और अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही। जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक रंजन ने कहा कि कल्याण गुरुकुल के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कार्यक्रम के अंत में दुबई और हैदराबाद जाने वाले चयनित युवाओं को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर कल्याण गुरुकुल के प्राचार्य बृजकिशोर, रिटेंशन सेवक अवधेश पांडेय, सोर्सिंग असिस्टेंट मैनेजर धनंजय, स्थानीय वार्ड सदस्य पार्वती सहित कई अधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक और चयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।
इस पहल से गुमला के युवाओं में रोजगार के नए अवसरों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और इसे कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





