
x
पढ़े पूरी खबर
रांची: गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में इंटर की दो नाबालिग छात्राओं के साथ रेप के आठ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का निर्देश दिया। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने चौतरफा घेराबंदी कर तीन दिन में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी श्रीकांत वर्मा ने पुलिस की सख्ती देखकर थाने में आत्मसमर्पण किया।
पुलिस ने आरोपी को संरक्षण देने और भागने में मदद करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर एसडीपीओ नौशाद आलम ने बताया कि चार आरोपियों ने नाबालिग छात्राओं से रेप किया और इसके बाद परिजनों से फिरौती वसूलने की योजना बनाई। इसी कारण आरोपी छात्राओं को गाड़ी में बिठाकर जंगल की ओर ले गए। जंगल में छात्राओं के साथ जबरदस्ती के दौरान मवेशी चरा रही महिलाओं की उनपर नजर पड़ी।
महिलाएं गाड़ी के नजदीक पहुंची तो आरोपी गाड़ी लेकर भाग गए। वहीं दोनों छात्राओं को महिलाओं ने उनके घर पहुंचा दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। बता दें कि दोनों नाबालिग छात्रा स्कूल पढ़ने गई थी। इसी बीच कुछ कागजात की फोटोकॉपी करने के लिए वे एक दुकान पर पहुंची। तभी श्रीकांत वर्मा वहां पहुंचा और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया। उन्हें हरदिया जंगल ले गया जहां उसने और उसके ड्राइवर ने किशोरियों का रेप किया। पीड़िताओं के परिजनों ने घटना को लेकर बिरनी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। एसपी के निर्देश पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story





