
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति को देखते हुए चांडिल डैम के 17 फाटक खोल दिए गए हैं, जबकि खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लगातार बारिश और जलग्रहण क्षेत्रों में पानी बढ़ने के कारण चांडिल डैम में जलस्तर बढ़ गया। पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए डैम के फाटक खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते स्वर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर पर भी असर पड़ा है। खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे इलाकों में चिंता बढ़ गई है। कई निचले क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।





