झारखंड

जमीन विवाद में हुई गोलीबारी, महिला सहित 12 लोग गिरफ्तार

Rani Sahu
18 March 2023 7:25 AM GMT
जमीन विवाद में हुई गोलीबारी, महिला सहित 12 लोग गिरफ्तार
x
रांची : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बागान (सुरेश्वर महादेव मंदिर के पास) में शुक्रवार को जमीन विवाद में गोलीबारी हुई। दो पक्षों के बीच मारपीट से इलाका रणक्षेत्र बन गया था। फायरिंग में आशीष सिंह (पिता धर्मेंद्र सिंह, कांके निवासी) एवं राहुल नाग (पिता जयंत नाग, कृष्णापुरी रोड नंबर 1,निवासी) को पैर में गोली लगी। आशीष को दो एवं राहुल को एक गोली लगी है। दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है। दूसरी ओर मारपीट आधा दर्जन महिला-पुरुष भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस एक्शन मोड पर आई। त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले दो अपराधी सहित 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार गोली सूरज और प्रवेश ने चलाई थी। दोनों अपराधियों के पास से फायरिंग में प्रयुक्त दो हथियार को भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
एक बाइक जब्त, तीन बुलेट किया बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी मुख्यालय प्रथम मुमल राज पुरोहित के अलावा नामकुम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी, टाटीसिलवे थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर महेंद्र करमाली, चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर वेंकटेश कुमार, लोअर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे। हंगामे को शांत कराया। छानबीन की। इस दौरान घटना स्थल से एक बाइक(जेएच01ईके5685) जब्त करने के साथ पुलिस ने तीन बुलेट भी बरामद किया।
दोनों पक्षों ने किया एफआईआर
मामले में शुक्रवार को दोनों पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पहले पक्ष के अजय जोसेफ खलखो एवं ग्रेस खलखो ने अशोक पासवान एवं उनके लोगों पर मारपीट एवं फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 1.44 एकड़ जमीन बकास्त भुईहरी पहनाई दर्ज है जो उनके नाम पर 1929 हुकुम नामा द्वारा कब्जे में है। जमीन पर चुटिया निवासी अशोक पासवान, रंजीत भूटकुमार उर्फ रंजीत पाहन, मुन्ना, सूरज सहित अन्य लोग कब्जा कर रहे हैं। सभी महिला गैंग एवं शूटरों को लाकर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। शुक्रवार की सुबह जानकारी मिली की अशोक पासवान और रंजीत भूटकुमार 100-150 महिला -पुरुषों को लेकर उक्त जमीन पर काम करवा रहे हैं। सभी हरवे हथियार से लैस है। जाकर काम रोकने को कहा तो सभी मिलकर मारपीट करने लगे। अंधाधुंध फायरिंग की गई। जिसमें आशीष के पैर में दो एवं राहुल के पैर में एक गोली लगीं। पत्थरबाजी एवं लाठी डंडे से मारपीट भी की गई जिसमें कई अन्य लोग भी घायल हो गए। दूसरी ओर रंजीत पाहन ने उक्त जमीन को अपना बताते हुए 10 नामजद सहित 70-80 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया है। आवेदन में राजा, सन्नी खलखो, अम्बरुस खलखो, ग्रेस खलखो,राम शरण तिर्की,बिरु सिंह,अभिषेक,नितेश,आशीष, राहुल एवं 70-80 अन्य लोगों पर निर्माण कार्य को क्षतिग्रस्त करने, दस लाख रंगदारी मांगने, 5-6 राउंड फायरिंग करने के साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया गया है।
Next Story