झारखंड

रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट, लोगों ने सड़क जाम किया

Rani Sahu
3 Sept 2023 12:57 PM IST
रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट, लोगों ने सड़क जाम किया
x
रांची : राजधानी में रांची एयरपोर्ट थाना इलाके में दो पक्षों के बीच हुए मारपीट के बाद ग्रामीणों ने आज (रविवार) सुबह सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. लोगों ने सड़क पर बांस बल्ली और ईट-पत्थर रख कर रोड जाम किया. लोगों के प्रदर्शन से और एयरपोर्ट रोड जाम करने की वजह से लोगों को आवागमन में खासा परेशानी हो रही है क्योंकि यह रोड एक व्यस्ततम रोड है और लोग अक्सर फ्लाइट पकड़ने के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं. हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम करने वालों को शांत कराया और उन्हें वहां से हटाया.
पुलिस के साथ मिलकर कुछ लोगों ने की मारपीट- स्थानीय
वहीं मामले को लेकर स्थानीय दुकानदार और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एयरपोर्ट थाना पुलिस के साथ मिलकर कुछ असामाजिक तत्वों ने एक दुकानदार के साथ मारपीट की है. उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि जिन लोगों ने इस तरह के वारदात को अंजाम देने का काम किया है उन लोगों को चिन्हित कर उनपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
आपस में भिड़े थे दो दुकानदार, फिर शुरू हुई मारपीट
दरअसल यह मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के स्टेट हैंगर के पास का है जहां शनिवार (02 सितंबर) की रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. बताया जा रहा है की शनिवार शाम इलाज का पैसा देने की बात को लेकर दो दुकानदार अंकित साहू और सुभाष तिर्की आपस में झगड़ने लगे थे. जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. दौरान बीच एक दुकानदार के समर्थक ने दूसरे दुकान पर पत्थर चला दिया.
ग्रामीणों ने पुलिस पर भी किया पथराव
वहीं, जब इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो वे मौके पर पहुंचे. लेकिन वहां उपस्थित लोग पुलिस से भी उलझ गए. इतना ही नहीं ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया. जिसके बाद मामला बढ़ता देख डोरंडा और जगन्नाथपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा दिया. उन्होंने लोगों को समझाया-बुझाया और मामले को शांत कराया.
Next Story