
x
तालाब में मिले दोनों के शव
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तालाब में डूब रही अपनी छोटी बहन को बचाने के लिए आठ वर्षीय मासूम भाई ने पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, वह अपनी बहन को नहीं बचा सका और दोनों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। छोटी बहन को मुसीबत में देखकर मासूम भाई ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन बहन की जान बचाने का उसका प्रयास भी एक दुखद हादसे में बदल गया।
खेलने के लिए घर से निकले थे दोनों बच्चे
घटना जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के आसनहरिया नवाडीह गांव की है। मृत बच्चों की पहचान रोशन शेख के आठ वर्षीय बेटे अब्रान शेख और पांच वर्षीय बेटी माहिरा खातून के रूप में हुई है। शनिवार, 14 नवंबर की शाम करीब चार बजे दोनों बच्चे आसनहरिया मोड़ की तरफ खेलने के लिए निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार के सदस्यों को चिंता होने लगी। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के शव घर के समीप स्थित तालाब में मिले।
बहन को बचाने की कोशिश में भाई ने गंवाई जान
खेलते समय माहिरा तालाब में गिर गई थी। छोटी बहन को पानी में डूबता देखकर उसका बड़ा भाई उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही तालाब के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पहली कक्षा में पढ़ता था भाई, नर्सरी की छात्रा थी बहन
आठ वर्षीय अब्रान शेख कक्षा एक का छात्र था, जबकि उसकी पांच वर्षीय छोटी बहन माहिरा खातून नर्सरी में पढ़ती थी। दोनों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्चों की मौत की खबर से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट करने की मांग की है।
Next Story





