झारखंड

East Singhbhum: दो घरों में चोरी का मामला, लाखों की संपत्ति हुई गायब

Admindelhi1
19 Nov 2025 3:12 PM IST
East Singhbhum: दो घरों में चोरी का मामला, लाखों की संपत्ति हुई गायब
x

पूर्वी सिंहभूम: उलीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि चोरी की ये घटना थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शंकोसाई रोड नंबर 2 स्थित बजंती देवी अपने परिवार के साथ आदित्यपुर में भांजे के तिलक समारोह में गई थीं। रात करीब 9 बजे घर का ताला बंद कर वे लोग कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे। रात करीब 2 बजे जब वे लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से 70 हजार रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने गायब थे। चोरी की घटना को देखकर परिवार के होश उड़ गए।

इसी घर के ऊपर वाले मंजिल में रहने वाले औरंगनाथ के घर में भी चोरों ने उसी रात धावा बोला। यहां से चोर करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 12 लाख रुपये के आभूषण ले उड़े। दोनों घरों को मिलाकर करीब 90 हजार रुपये नकद और 32 लाख रुपये से अधिक के गहनों की चोरी हुई है। उधर, क्षेत्र में एक और बड़ी वारदात सामने आई है। उलीडीह थाना से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित पवन कुमार के मकान में भी चोरों ने सेंधमारी कर दी। पवन कुमार भी रात में आदित्यपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे।

देर रात लौटने पर उन्होंने पाया कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे करीब 20 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। सभी मामलों की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

Next Story