झारखंड

East Singhbhum: भ्रष्टाचार के दोषी पुलिसकर्मी को कदमा थाने से निलंबित किया गया

Admindelhi1
13 Jun 2025 12:08 PM IST
East Singhbhum: भ्रष्टाचार के दोषी पुलिसकर्मी को कदमा थाने से निलंबित किया गया
x

पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को कदमा थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार दास को एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह निर्णय वरीय पुलिस अधीक्षक ने नगर पुलिस अधीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया।

पीड़िता दुर्गा कुमारी ने आरोप लगाया कि वह एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने थाना पहुंची थीं, जहां पदाधिकारी सुनील कुमार दास ने एफआईआर के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें बार-बार थाना बुलाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया । भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंकित आनंद की पहल पर पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

नगर पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट में पुलिस पदाधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई और उसे सेवा नियमों के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने तुरंत निलंबन की कार्रवाई की।

भाजपा नेता अंकित आनंद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह न्याय और पुलिस पर जनविश्वास की जीत है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति में यह कार्रवाई एक मिसाल बनेगी।

Next Story