झारखंड

East Singhbhum: सीतारामडेरा से शुरु हुई कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा

Admindelhi1
9 Jun 2025 5:19 PM IST
East Singhbhum: सीतारामडेरा से शुरु हुई कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा
x
"सड़क पर जनता की समस्याओं को उठाया"

पूर्वी सिंहभूम: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नक्शे कदम पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने सोमवार को सीतारामडेरा मण्डल कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ की शुरुआत की। यह पदयात्रा भुईयाडीह आदर्शनगर स्थित मां रक्षा काली मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर कान्हू भट्टा और कल्याणनगर तक निकाली गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष दुबे ने बस्तीवासियों की समस्याएं सुनीं। बिजली की समस्या पर उन्होंने कहा कि बस्तीवासी आवेदन तैयार करें, ताकि जुस्को के वरिष्ठ अधिकारी से चर्चा कर समस्या का समाधान कराया जा सके। पानी और पाइपलाइन की समस्या पर उन्होंने तत्काल जुस्को अधिकारियों से बात कर समाधान किया। साफ-सफाई की समस्या को लेकर जेएनएसी अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।

सभा का आयोजन सीतारामडेरा मण्डल अध्यक्ष विनोद यादव की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान बचाओ और संगठन सृजन अभियान पूरे प्रदेश में चला रही है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का संकलन कर उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

पदयात्रा में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, मण्डल अध्यक्ष विनोद यादव, राहुल गोस्वामी, प्रकाश जायसवाल, पंचू राम, मुंशी साव, दीपक मिश्रा, अमन जायसवाल, लालजी राम, पीयूष चौधरी, सौरभ मिश्रा, आदित्य पांडे, ऋषि दास, साहिल कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story