झारखंड
डॉक्टर पर लगाया बदसलूकी का आरोप, एसएनएमएमसीएच के हड्डी रोग विभाग घटना
Tara Tandi
10 Jun 2023 2:32 PM IST

x
सुबह ओपीडी की पर्ची बनवा कर शाम में इलाज कराने पहुंची महिला ने एसएनएमएमसीएच के डॉक्टर पर बदसलूकी का आरोप लगाया है. यह घटना हड्डी रोग विभाग के ओपीडी में हुई है. पुटकी परसिया की रहनेवाली भुक्तभोगी महिला संगीता देवी ने मामले की लिखित शिकायत अधीक्षक से की है. साथ ही हड्डी रोग के विभागाध्यक्ष डॉ डीपी भूषण को भी फोन कर इसकी सूचना दी है.
महिला ने बताया कि उनके हाथ में दर्द है. उन्होंने सुबह ओपीडी की पर्ची बनवाई थी. शाम के ओपीडी में लगभग तीन बजे हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर के पास गई. चैंबर में सीनियर रेजिडेंट थे. उन्होंने पर्ची पर समय देखा और दोबारा ओपीडी पर्ची बनवाकर लाने को कहा. महिला के अनुसार उन्होंने डॉक्टर से आग्रह किया कि इसी पर्ची पर इलाज कर दें. वैसे भी ऐसा कोई नियम नहीं है कि सुबह की पर्ची पर शाम के ओपीडी में इलाज नहीं होगा. इस पर डॉक्टर आक्रोशित हो गए और कमरे से बाहर निकाल दिया.
महिला के अनुसार उन्होंने इसकी शिकायत विभागाध्यक्ष डॉ डीपी भूषण से फोन पर की. उन्होंने यह कहते हुए वापस भेजा कि वहां डॉक्टर इलाज कर देंगे. जब दोबारा डॉक्टर के पास पहुंची तो वे यह कहकर चिल्लाने लगे कि शिकायत करती हो. उन्होंने ओपीडी पर्ची फेंक दी और इलाज करने से मना कर दिया. इसके बाद महिला शिकायत करने अधीक्षक के पास उनके कार्यालय में गई. हालांकि अधीक्षक बाहर हैं. इसके कारण महिला की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. महिला ने अधीक्षक कार्यालय को इस मामले की लिखित शिकायत की है.
Next Story





