झारखंड

धनबाद के लेखक हीरेंद्र झा ने सुनंदा पुष्कर पर लिखी किताब, 14 फरवरी को होगा लॉन्चिंग

Kunti Dhruw
7 Feb 2022 5:27 PM GMT
धनबाद के लेखक हीरेंद्र झा ने सुनंदा पुष्कर पर लिखी किताब, 14 फरवरी को होगा लॉन्चिंग
x
भारतीय राजनीति में भूचाल लाने वाली सुनंदा पुष्कर के जीवन पर धनबाद के रहने वाले लेखक हीरेंद्र झा और उनकी मित्र निमिषा दीक्षित ने किताब सेज सुनन्दा पुष्कर लिखी है।

भारतीय राजनीति में भूचाल लाने वाली सुनंदा पुष्कर के जीवन पर धनबाद के रहने वाले लेखक हीरेंद्र झा और उनकी मित्र निमिषा दीक्षित ने किताब सेज सुनन्दा पुष्कर लिखी है। ऑनलाइन साइट अमेजन पर अभी यह किताब मुफ्त में पढ़ने को मिल रही है। 14 फरवरी को इसकी लॉन्चिंग की जाएगी। ऑनलाइन साइट पर रिलीज होते ही यह किताब चर्चा में आ गई है।

धनबाद में पले-बढ़े लेखक हीरेंद्र झा और उनकी मित्र निमिषा दीक्षित मिलकर कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इन दोनों लेखक जोड़ी की एक किताब सेज: सुनंदा पुष्कर की कहानी चर्चा में है। यह किताब अभी किंडल एडिशन यानी ई-बुक के रूप में अमेज़न पर पाठकों के लिए उपलब्ध है। हिन्दुस्तान से बातचीत में हीरेंद्र ने बताया कि सेज: सुनंदा पुष्कर की कहानी नाम से ही स्पष्ट है कि यह किसकी कहानी है। सुनंदा के बारे में आप सभी जानते हैं कि साल 2014 में दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में उनकी रहस्यमयी मौत हो गई थी।
शशि थरूर की तीसरी पत्नी होने के अलावा भी सुनंदा की अपनी एक शख़्सियत थी, जिसे आप इस पुस्तक के जरिए बखूबी जान सकेंगे। किंडल एडिशन के बाद जल्द ही किताब का पेपरबैक एडिशन भी पाठकों तक इसी वैलेंटाइन डे पर पहुंच जाएगा। माय बुक्स सेलेक्ट ने अपनी नायाब सीरीज़ के तहत इस पुस्तक का प्रकाशन किया है। सुनंदा पुष्कर की कहानी के जरिए बीते दशक की राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक भारत की भी एक झलक आपको इस किताब में पढ़ने-जानने को मिलेगी।
हीरेंद्र झा की तीसरी किताब बाज़ार में
धनबाद में जन्मे और पले-बढ़े हीरेंद्र झा की यह तीसरी किताब है। उनकी पहली किताब मीडिया के दिग्गज और कविता संग्रह एक ख़्वाब भी काफी चर्चित रही। निमिषा दीक्षित की यह डेब्यू बुक है। हीरेंद्र और निमिषा कई साल से मिलकर शॉर्ट फ़िल्म, डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म, एड, जिंगल, कहानी और गीत लिख रहे हैं। दोनों मिलकर अब फ़िल्म, टीवी सीरियल और वेब सीरियल भी लिख रहे हैं। मूलरूप से बिहार और उत्तरप्रदेश से ताल्लुक रखने वाली यह जोड़ी इन दिनों मुंबई में कई तरह के क्रिएटिव काम में जुटी है।
Next Story