
Jharkhand: धनबाद। कालूबथान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें और चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर की भी बरामद की है। इस कार्रवाई को इलाके में वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से 13 बाइक बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी मास्टर की का इस्तेमाल कर कुछ ही मिनटों में बाइक लॉक खोल लेते थे और आसानी से वाहन चुरा लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
बरामद सभी वाहनों के मालिकों की पहचान की जा रही है और संबंधित थानों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।





