झारखंड

जल पर्याप्त व हरित पंचायत थीम पर विकास

Admin Delhi 1
1 May 2023 6:04 PM IST
जल पर्याप्त व हरित पंचायत थीम पर विकास
x

जमशेदपुर न्यूज़: पूर्वी सिंहभूम की पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान जल पर्याप्त एवं हरित पंचायत थीम पर विकास कार्य होंगे. पंचायतों की आधी योजनाएं इसी थीम पर ली जाएंगी. आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम सहित सभी जिलों को थीम आधारित योजनाओं के चयन का विकल्प दिया गया था.

कोई भी जिला कम से कम एक और अधिक से अधिक तीन थीम का चयन कर सकता था. पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने इसमें से दो थीम का चयन किया. नियमानुसार अब पंचायतें इन्हीं दो थीम पर आधारित आधी योजनाएं लेंगी. थीम चयन की शर्त ही थी कि कुल आवंटन का आधा पैसा थीम आधारित योजनाओं के लिए दिए जाएंगे. यह काम पिछले साल ही होना था, परंतु पंचायत चुनाव के कारण लगी आचार संहिता की वजह से ऐसा नहीं हो सका था. चयनित योजनाओं को लॉक कर दिया गया है.

पेयजल की नहीं होगी कमी थीम आधारित योजनाओं का लाभ यह होगा कि पेयजल की कमी नहीं होगी और गांवों में हरियाली बढ़ेगी. जल पर्याप्त गांव योजना के तहत हर घर में नल का कनेक्शन दिया जाएगा. इसके अलावा गांव की खाली जगह पर सामुदायिक स्तर पर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी. दूसरी ओर, हरित पंचायत थीम के तहत गांवों को कार्बन न्यूट्रल बनाने की योजना है. इसके तहत अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे. न केवल सरकारी जमीन पर बल्कि निजी जमीन पर भी पौधरोपण को बढ़ावा दिया जाएगा. बाद में पंचायतों की रैंकिंग उनकी हरियाली के आधार पर भी की जाएगी.

ये नौ थीम योजनाओं की: गरीबी मुक्त व उन्नत आजीविका गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैषी गांव, जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ व हरित गांव, गांव में आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन वाला गांव और महिला एवं बाल हितैषी गांव.

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में थीम आधारित दो योजनाओं का चयन किया गया है. इसमें जल पर्याप्त व स्वच्छ एवं हरित पंचायत शामिल हैं.

- डॉ. रजनीकांत मिश्रा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी

Next Story