झारखंड

सरकार के खिलाफ आंदोलन की कोर कमेटी में हुई विस्तृत चर्चा

Admin Delhi 1
4 April 2023 11:46 AM GMT
सरकार के खिलाफ आंदोलन की कोर कमेटी में हुई विस्तृत चर्चा
x

राँची न्यूज़: भाजपा 11 अप्रैल को हेमंत सरकार से निजात मिले, चलो रांची प्रोजेक्ट भवन सचिवालय का घेराव और प्रदर्शन करेगी. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई.

इसमें प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपाई, नेता विधायक दल व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुनील कुमार सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र कुमार राय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी शामिल हुए.

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत, धारदार, सर्वव्यापी, सर्व स्पर्शी, सर्व समावेशी बनाने के साथ आगामी विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई. साथ ही, 11 अप्रैल को रांची में राज्य सरकार के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक जनांदोलन पर विस्तार से मंथन हुआ. प्रदेश भाजपा के बैनर तले राज्य के 32 हजार गांवों से रांची की धरती पर जनसैलाब उतरेगा. जनता इस भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार के सचिवालय को घेर कर उनके वादे को याद कराएगी. सरकार या तो अपना वादा निभाए या फिर कुर्सी छोड़ें. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चलने वाली झामुमो-कांग्रेस-राजद ठगबंधन की सरकार से जनता ऊब चुकी है. युवाओं के द्वारा नियोजन नीति के खिलाफ बुलाए गए ऐतिहासिक संथाल परगना बंद के लिए जनता का आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि सफेद झूठ बोलकर, लोगों को मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर सत्ता में आने वाली सरकार को अब सच से सामना करना पड़ रहा है. जनता का आक्रोश दिनों दिन राज्य सरकार के खिलाफ बढ़ता ही जा रहा है. सरकार केवल लूट, घोटाले, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण में लगी है. राज्य में वित्तीय अराजकता भयावह है.

उन्होंने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस घर-घर झंडा लगाकर मनाया जायेगा. साथ ही, पार्टी के कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर सुबह साढ़े नौ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनेंगे. इसके अलावा 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समेत कई कार्यक्रम होंगे.

Next Story