झारखंड

रामगढ़ में उपायुक्त माधवी मिश्रा ने किया पतरातू प्रखंड का दौरा

Rani Sahu
29 Aug 2022 4:43 PM IST
रामगढ़ में उपायुक्त माधवी मिश्रा ने किया पतरातू प्रखंड का दौरा
x
सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने पतरातू प्रखंड का दौरा किया
Ramgarh: सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने पतरातू प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अंचल कार्यालय पतरातू द्वारा किए जा रहे कार्यो की विस्तार से समीक्षा की. दौरे के दौरान उपायुक्त ने अपर समाहर्ता नेल्सम ऐयोन बागे, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार रंजन एवं भू अर्जन पदाधिकारी लिली एनोला लकड़ा के साथ दोहरी जमाबंदी, संदेहास्पद जमाबंदी, अवैध जमाबंदी, उपस्थिति पंजी, स्टॉक पंजी, सेवा पुस्तिका, कैश बुक, एडवांस पंजी, अतिक्रमण पंजी, अवकाश पंजी आदि की जांच की. जांच के दौरान उपायुक्त ने सभी राजस्व उप निरीक्षकों को उनके क्षेत्रों में ग्रामवार दोहरी जमाबंदी, संदेहास्पद जमाबंदी व अवैध जमाबंदी से संबंधित प्रतिवेदन जल्द से जल्द तैयार कर अंचल अधिकारी पतरातू को आवश्यक कार्यवाही हेतु उपलब्ध कराने का निर्देश दिया तो वहीं अंचल स्तर पर की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया. मौके पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी पतरातू को वैसे सभी जमीन जिन पर अवैध जमाबंदी चल रही है, के विरुद्ध जांच की कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश
जांच के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी पतरातू सहित अन्य अंचल स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को उनके अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीनों का नियमित रूप से निरीक्षण कर कहीं पर भी अवैध निर्माण हो रहा हो तो उस पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया एवं इस प्रकार के किसी भी मामले पर की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन जिला स्तर पर भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. दाखिल खारिज संबंधित मामलों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कार्यों को गंभीरता से लेने एवं ससमय दाखिल खारिज संबंधित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने उत्तराधिकारी दाखिल-खारिज कार्यों में गति लाने हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए शिविर आयोजित करने एवं लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया. इसके अलावा उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए. जांच अभियान के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी विधि शाखा, अंचल अधिकारी पतरातू, अंचल निरीक्षक पतरातू, अंचल स्तरीय अधिकारियों व कर्मियों सहित अन्य उपस्थित थे.
Vinita
Next Story