झारखंड

देवघर श्रावणी मेला: QR कोड से आसान होगी कांवरियों की यात्रा

Saba Naaz
21 July 2026 6:36 PM IST
देवघर श्रावणी मेला: QR कोड से आसान होगी कांवरियों की यात्रा
x

देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर देवघर जिला प्रशासन और रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नए इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन ने जहां शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए QR कोड आधारित डिजिटल सिस्टम को अपडेट किया है, वहीं रेलवे ने भी कांवरियों की भीड़ को देखते हुए मधुपुर-कोडरमा पैसेंजर ट्रेन को सावन के दौरान रविवार को भी चलाने का निर्णय लिया है।

श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस बार श्रद्धालुओं को किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराने के लिए सूचना केंद्र या प्रशासनिक शिविरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब वे अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर सीधे अपनी समस्या अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने QR कोड सिस्टम को पहले से अधिक आधुनिक बनाया है। मेला क्षेत्र के प्रमुख होल्डिंग प्वाइंट, कांवरिया कॉरिडोर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर QR कोड लगाए जाएंगे। श्रद्धालु इन QR कोड को स्कैन कर स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल, बिजली या अन्य किसी भी सुविधा से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि शिकायत के साथ फोटो, वीडियो या ऑडियो संदेश भी भेजा जा सकेगा। इसके अलावा QR कोड स्कैन करते ही श्रद्धालु की लोकेशन की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी। इससे अधिकारियों को समस्या वाले स्थान की तुरंत जानकारी मिलेगी और समाधान की प्रक्रिया तेज होगी।

प्रशासन ने शिकायतों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम (ICMR) में विशेष व्यवस्था की है। QR कोड के माध्यम से आने वाली शिकायतें सीधे डैशबोर्ड पर दिखाई देंगी। इसके बाद संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के लिए सक्रिय किया जाएगा। जिले के वरिष्ठ अधिकारी मोबाइल के माध्यम से इस पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

वहीं, श्रावणी मेला के दौरान रेलवे ने भी श्रद्धालुओं को राहत देने वाला फैसला लिया है। मधुपुर-कोडरमा रेल मार्ग पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन अब सावन महीने में रविवार को भी संचालित होगी। पहले यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलती थी, लेकिन कांवरियों की बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे सातों दिन चलाने का निर्णय लिया गया है।

पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर जोन और धनबाद मंडल के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद इस प्रस्ताव को तैयार किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। इस फैसले से देवघर और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन 29 जुलाई को बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित कांवरिया पथ दुम्मा में किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

हर साल सावन महीने में देशभर से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से शुरू की जा रही QR कोड सुविधा और रेलवे की अतिरिक्त व्यवस्था से कांवरियों की यात्रा और पूजा व्यवस्था को अधिक आसान और सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है।

Next Story