झारखंड

संदिग्ध हालत में मिला सिनेमा हॉल के कर्मचारी का शव

Rani Sahu
30 Jun 2023 7:27 AM GMT
संदिग्ध हालत में मिला सिनेमा हॉल के कर्मचारी का शव
x
रांची : लालपुर थाना क्षेत्र के पैंटालून मॉल के ठीक सामने वाली गली में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। युवक की पहचान 27 वर्षीय रजत कुमार के रूप में हुई है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। रजत पुरुलिया रोड स्थित मिराज सिनेमा में कर्मचारी था। घटना गुरुवार देर रात की है। रजत की शव खिड़की में टंगा दिखा तो उसके दोस्तों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद लालपुर पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
लालपुर थाना प्रभारी ममता कुमारी ने बताया कि मामला आत्महत्या का ही लग रहा है लेकिन मृतक के दोनों हाथ बंधे हुए थे। इसलिए एहतियातन सभी तरह की जांच की जा रही है। रजत के परिजनों ने जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि खिड़की से रजत फंदे पर झूलता हुआ दिखा था। तब आनन-फानन में दरवाजा दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। हालांकि तब तक रजत की मौत हो चुकी थी। घर की चाभी भी रजत के पॉकेट में ही मिली है। कमरे से निकलने का कोई दूसरा दरवाजा भी नहीं है। पुलिस का कहना है कि आजकल लोग हाथ को गमछे से बांधकर सुसाइड करने की कोशिश करते हैं। ऐसा पहले भी कुछ केस में हुआ है। हालांकि पुलिस हर तरह की जांच कर रही है।
Next Story