
x
नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नवजात की मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त (डीसी) ने जांच के आदेश दिए हैं। नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। नवजात की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद अब मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन को दिए निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन को पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करने और जिम्मेदार पाए जाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। डीसी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। दो चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि दो एएनएम को प्रसव कक्ष की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। इसके अलावा ममता वाहन चालक का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है।
12 नवंबर को हुआ था बच्ची का जन्म
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, टुंडी के भूरसाबांक गांव की रहने वाली 25 वर्षीय करीना कुमारी को 12 नवंबर की सुबह 2 बजकर 32 मिनट पर प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर सामान्य प्रसव से उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। नवजात का वजन 2.270 किलोग्राम था। विभागीय रिपोर्ट में जन्म के समय बच्ची की स्थिति सामान्य होने और उसे विटामिन-के का इंजेक्शन दिए जाने की जानकारी दी गई है। कुछ घंटे बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई।
सदर अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बच्ची के पिता नीरज कुमार सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों को उसकी बिगड़ती तबीयत की जानकारी दी। चिकित्सक डॉ. पूजा कुशवाहा ने बच्ची की जांच की और उसे बेहतर उपचार के लिए धनबाद सदर अस्पताल भेजने का निर्णय लिया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची की हालत को लेकर उन्होंने पहले ही स्वास्थ्यकर्मियों को अवगत कराया था, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिला। परिवार ने रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया है। मजबूरन परिजन निजी वाहन से बच्ची को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो डॉक्टरों से 24 घंटे के भीतर मांगा जवाब
नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने ड्यूटी पर मौजूद डॉ. शशिकांत सुमन और डॉ. पूजा कुशवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों चिकित्सकों को 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। चिकित्सकों से प्राप्त जवाब और जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
दो एएनएम को लेबर रूम से हटाया
स्वास्थ्य विभाग ने एएनएम शांति मारग्रेट हारुन और पुष्पलता कुमारी को प्रसव कक्ष से हटाकर अन्य स्थानों पर कार्य सौंपा है। बच्ची को सदर अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान बुलाने पर अनुपस्थित रहने के आरोप में ममता वाहन चालक सुरेंद्र सिंह का एमओयू समाप्त कर दिया गया है।
नवजात की मौत के बाद पांच घंटे तक सड़क जाम
बच्ची की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर शव के साथ प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर टुंडी के बीडीओ विशाल कुमार पांडेय और स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में चौबीस घंटे डॉक्टरों और नर्सों की उपलब्धता, एंबुलेंस की व्यवस्था तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





