
Jharkhand: देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नवाडीह गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में खुलासा हुआ है कि घर की बड़ी बहू शबाना खातून ने अपने प्रेमी इरशाद अंसारी के साथ मिलकर अपनी सास और देवर की कुल्हाड़ी से हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, हथौड़ा और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह वारदात अवैध प्रेम संबंध के कारण अंजाम दी गई। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 19 वर्षीय शबाना खातून की शादी करीब तीन महीने पहले उपर नवाडीह निवासी शाहिल अहमद से हुई थी, जो फिलहाल बाहर रहता है। शादी से पहले से ही उसका अपने रिश्तेदार इरशाद अंसारी के साथ प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। सास और देवर को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो वे इसका विरोध करने लगे, जिसके बाद दोनों को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के दौरान प्रेमी इरशाद फोन पर लगातार शबाना से संपर्क में था और उसे वारदात को अंजाम देने के लिए निर्देश दे रहा था। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की भूमिका की पुष्टि की है। 30 जून 2026 की रात इस वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने सोनारायठाड़ी थाना में कांड संख्या 33/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी का गठन कर तेजी से जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुलदीप कुमार के साथ इंस्पेक्टर केएन सिंह, थाना प्रभारी रोहित दांगी और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम शामिल रही। फॉरेंसिक जांच के लिए खून के नमूने और अन्य सबूत भेजे गए हैं, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई और मजबूत चार्जशीट तैयार की जा सके।





