झारखंड

सनकी मां ने ले ली पांच साल के बेटे की जान

Rani Sahu
22 July 2023 7:30 AM GMT
सनकी मां ने ले ली पांच साल के बेटे की जान
x
दुमका : दुमका जिले के रानीश्वर थाना क्षेत्र के चाऊलिया गांव में मां की ममता शर्मसार हो गई है। यहां एक मां ने अपने ही बेटे की जान ले ली है। आरोपी महिला का नाम रेणुका माल है। जानकारी के मुताबिक महिला ने पांच साल के बेटे को तालाब में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे के पिता सुनील माल के बयान पर पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार की है। सुनील माल ने पुलिस को यह भी बताया है कि उसकी पत्नी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। सुनील ने बताया है कि शुक्रवार को वो काम से बाहर गया था। घर लौटा तो पत्नी और बच्चा घर पर नहीं थे। जब उसने दोनों को ढूंढा तो मालूम हुआ कि उसकी पत्नी अपने मायके बिलकांदी गांव चली गई है।
सनकी प्रवृति की है महिला
सुनील पत्नी के मायके पहुंचा तो पत्नी मिली लेकिन बेटा नहीं था। वह पत्नी को लेकर चाऊलिया आया, फिर पड़ोसियों के साथ मिलकर बेटे को ढूंढने लगा। कुछ देर बाद बेटे का शव घर के बगल वाले तालाब में दिखा। पत्नी को शांत देखकर उसे शक हो गया कि उसने ही कुछ गड़बड़ किया है। उसने पूछा तो रेणुका ने बताया कि उसने ही बेटे को तालाब में धकेल दिया है। हालांकि उसने कारण नहीं बताया। इसके बाद सुनील पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। इधर पुलिस भी पूछताछ में यह नहीं जान पाई कि आखिरकार उसने बेटे की जान क्यों ले ली। इस पूरे मामले पर रानीश्वर थाना के प्रभारी छोटन महतो ने बताया कि महिला अद्धविक्षिप्त के साथ-साथ सनकी भी है। वह अपने आपे से बाहर हो जाती है।
Next Story