झारखंड

धनबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई

Admindelhi1
18 March 2024 5:38 AM GMT
धनबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई
x
कांग्रेसियों ने की दिल्ली में टिकट की दावेदारी

धनबाद: लोकसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा शनिवार को कर दी गई है। धनबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेसियों के साथ-साथ वोटर भी उम्मीदवार के नाम का इंतजार कर रहे हैं। इधर धनबाद के कांग्रेसी परेशान हैं तो दावेदारों ने दिल्ली में डेरा डाल रखा है। शनिवार को दिल्ली में प्रदेश संगठन प्रभारी गुलाम अहमद मीर दावेदारों से मिले। धनबाद तथा बोकारो जिले के पार्टी अध्यक्ष से भी रायशुमारी की। धनबाद कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी से भी राय ली गई। कांग्रेसियों का ही कहना है कि धनबाद सीट से उम्मीदवार कौन होगा, इस पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है लेकिन दो-तीन दिनों में इस पर अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार धनबाद जिलाध्यक्ष संतोष सिंह तथा बोकारो जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता से धनबाद सीट से लिए उम्मीदवारों के बारे में रायशुमारी की गई। दोनों अध्यक्षों की ओर से भेजे गए तीन-तीन नामों के बारे में भी जानकारी ली गई। इसके साथ-साथ प्रदेश स्तर से भेजे गए नामों के बारे में भी जानकारी हासिल की गई। दावेदार भी मिले प्रदेश संगठन प्रभारी से दिल्ली में टिकट के दावेदारों का शनिवार को मिलने का सिलसिला जारी रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शमशेर आलम (प्रदेश प्रवक्ता), अशोक सिंह (प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य), अजय दुबे, पूर्व सांसद ददई दुबे, जिला उपाध्यक्ष नवनीत नीरज आदि दावेदार मिले।

Next Story