झारखंड

धनबाद में कमेटी विवाद से बिगड़ा माहौल

Saba Naaz
1 July 2026 6:59 PM IST
धनबाद में कमेटी विवाद से बिगड़ा माहौल
x

धनबाद: स्टेशन रोड स्थित मजार में नई और पुरानी प्रबंधन कमिटी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। वक्फ बोर्ड के आदेश के बाद नई कमिटी के गठन और उसे पदभार सौंपने को लेकर बुधवार को हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। प्रशासन और कल्याण विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी, लेकिन स्थिति संभलने के बजाय और बिगड़ गई। पदभार दिलाने की प्रक्रिया के दौरान ही मजार परिसर में नई और पुरानी कमिटी के सदस्य आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन दोनों गुटों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा।

पुरानी कमिटी के सचिव वाजिद खान ने नई कमिटी के गठन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वक्फ बोर्ड के नियमों का पालन नहीं किया गया है। उनके अनुसार, कमिटी के सदस्य मजार से तीन किलोमीटर के दायरे के निवासी होने चाहिए और नशे का सेवन नहीं करने वाले होने चाहिए, लेकिन नई कमिटी में झरिया, जामाडोबा, गोविंदपुर और निरसा जैसे क्षेत्रों के लोगों को शामिल किया गया है, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने मांग की कि कमिटी का गठन चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। वहीं दूसरी ओर, नई कमिटी के अध्यक्ष और सचिव ने पुरानी कमिटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुरानी कमिटी वर्षों से मनमानी तरीके से मजार का संचालन कर रही थी और पारदर्शिता की कमी रही है। उन्होंने दावा किया कि वक्फ बोर्ड के निर्देशों के अनुसार ही नई कमिटी का गठन किया गया है और अब वही मजार का प्रबंधन संभालेगी।

विवाद बढ़ने के बाद जिला प्रशासन और कल्याण विभाग के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। पुलिस बल की तैनाती के बीच दोनों पक्षों को अलग-अलग किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल मजार परिसर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था और वक्फ बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story