झारखंड
झारखंड के रामगढ़ हादसे में नालंदा के 13 लोगों की मौत पर सीएम सम्राट चौधरी और तेजस्वी ने जताया शोक
jantaserishta.com
29 Nov 2026 11:46 AM IST

x
पटना: झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि झारखंड के रामगढ़ में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, तेजस्वी यादव ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि झारखंड के रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे नालंदा जिले के 13 लोगों की भीषण सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को दुख सहने का धैर्य, साहस और शक्ति देने की प्रार्थना की।
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से मृतकों के आश्रितों को पांच लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की मांग भी की। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी के समीप एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में चार बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





