
x
Ranchi रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर राज्य की गठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में हुए चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन जनता ने इन प्रयासों को विफल कर दिया।
साहू ने राज्य के मतदाताओं, मतदान कर्मियों और निर्वाचन आयोग के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में औसतन 50 प्रतिशत मतदान हुआ है और अंतिम आंकड़ा इससे अधिक होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में जनता का स्पष्ट रुझान देखने को मिला है और अधिकांश सीटों पर उनकी जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कभी भी निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी और यह चुनाव भाजपा के आंदोलनों तथा न्यायालय के दबाव का परिणाम है। चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन के सहारे सत्ता पक्ष ने विभिन्न स्तरों पर हस्तक्षेप किया। भाजपा ने इसकी आशंका पहले ही जताई थी और निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत भी दी थी।
साहू ने कहा कि लगभग 20 हजार से अधिक मतदान कर्मियों को मतदान से वंचित रखा गया, क्योंकि उनके लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की संभावना थी, वहां मतदान प्रतिशत कम करने की कोशिश की गई, जबकि एक समुदाय विशेष के मत प्रतिशत को बढ़ाने का प्रयास किया गया। साथ ही, भगवा गमछा पहनकर मतदान करने आए मतदाताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी मिलीं।
उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों से बोगस मतदान और धमकी की घटनाओं के आरोप लगाए। मेदिनीनगर, गढ़वा, गिरिडीह, जुगसलाई, साहेबगंज, जमशेदपुर, चक्रधरपुर और चाकुलिया में कथित रूप से बूथ स्तर पर अनियमितताओं, मतदाताओं को धमकाने और पैसे बांटने की घटनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई और मतदाताओं के बूथ उनके निवास से कई किलोमीटर दूर कर दिए गए। मतदाता पहचान पत्र की जांच में दोहरा मापदंड अपनाया गया। साथ ही, उन्होंने एक प्रत्याशी को प्रशासनिक दबाव के कारण धरने पर बैठने की नौबत आने का भी जिक्र किया।
मतगणना को लेकर भी भाजपा अध्यक्ष ने आशंका जताई। उन्होंने कहा कि मेयर और वार्ड पार्षद के मत एक ही मतपेटी में डाले जाने की व्यवस्था पर सवाल उठते हैं और इससे मतगणना को प्रभावित करने की साजिश की आशंका बलवती होती है।
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी।
Tagsझारखंडनगर निकाय चुनावभाजपाआदित्य साहूगठबंधन सरकारमतदातामतदाननिर्वाचन आयोगबूथ स्तर अनियमितताएंधमकीपोस्टल बैलेटमतगणनामेयरवार्ड पार्षदनिष्पक्ष चुनावराजनीतिक आरोपमतदाता सूचीजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





