
धनबाद न्यूज़: जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठवीं तक के एक लाख 88 हजार 743 छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्कूल मिलेगा. राज्य मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जिला समग्र कार्यालय ने प्रक्रिया शुरू कर दी है. महत्वपूर्ण यह है कि पहली व दूसरी कक्षा के छात्र-छात्राओं के स्कूल बैग पर मात्र 138 रुपए खर्च किए जाएंगे. तीसरी से पांचवीं के लिए 148 रुपए तथा छठी से आठवीं के छात्रों के बैग के लिए 157 रुपए निर्धारित किया गया है. छात्र-छात्राओं को अब बैग मिलने का इंतजार है.
बैग की गुणवत्ता पर उठने लगा सवाल 138 रुपए के बैग की गुणवत्ता पर अभी से सवाल उठना शुरू हो गया है. अभिभावकों व शिक्षक संघों ने सवाल उठाते हुए कहा कि बेहतर गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए. बाजार में 300 रुपए से कम का कोई स्कूल बैग उपलब्ध नहीं है. ऐसे में 138 रुपए से लेकर 157 रुपए तक में बैग बेहतर गुणवत्ता की होगी, इस पर संशय है.
पिछले वर्ष हुई थी गुणवत्ता जांच वर्ष 2022 में भी बैग की खराब गुणवत्ता पर सवाल उठा था. बैग मिलते ही चेन खराब होने की शिकायत मिली थी. सैंपल जांच के लिए राज्य मुख्यालय को बैग भी भेजा गया था. अभी तक मामले में कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं है. अब नए शैक्षणिक सत्र के लिए फिर से बैग खरीदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिला कार्यालय से ऑर्डर राज्य मुख्यालय को भेजा जाएगा.
किस क्लास के कितने बच्चों को मिलेगा बैग
कक्षा संख्या राशि
एक से दो 37,415 138रु
तीन से पांच 75,114 148.80रु
छह से आठ 76,214 157 रुपए
राज्य मुख्यालय से मिले निर्देश के अनुसार स्कूली बच्चों को बैग उपलब्ध कराया जाएगा. राज्य मुख्यालय को छात्रों की संख्या समेत अन्य रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई है.
-बीएन रजवार, डीएसई





