झारखंड

चतरा: दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार, जांच जारी

Saba Naaz
25 Jun 2026 4:07 PM IST
चतरा: दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार, जांच जारी
x

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा प्रखंड में 18 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम आम्रपाली परियोजना प्रभावित एक गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पीड़िता की मां के बयान के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे युवती घर के बाहर थी, तभी दो युवक उसे पास के सुनसान स्थान पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टंडवा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान के आधार पर कांड संख्या 146/26 दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और मिले सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में केरेडारी थाना क्षेत्र के पचड़ा निवासी अर्जुन साव और बिहार निवासी कन्हैया कुमार शामिल हैं।

टंडवा के इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों में से एक व्यक्ति पीड़िता के गांव में ही रह रहा था, जिससे उसकी पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिली। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए चतरा भेजा है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Next Story