झारखंड

चांडिल को बड़ी सौगात, 100 बेड अस्पताल जल्द शुरू

Saba Naaz
1 July 2026 9:41 PM IST
चांडिल को बड़ी सौगात, 100 बेड अस्पताल जल्द शुरू
x

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में 100 बेड का अनुमंडलीय अस्पताल जल्द शुरू होने जा रहा है। यह जानकारी झारखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष, रांची लोकसभा प्रभारी एवं कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने सरायकेला-खरसावां जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान दी। बैठक बुधवार को चांडिल डैम रिसॉर्ट परिसर में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और कई जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक और 100 बेड वाले अस्पताल को जल्द शुरू कराने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। विधायक ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश, जिला, प्रखंड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने से पार्टी जनता के बीच और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेगी। विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

बैठक के बाद विधायक ने चांडिल के गांगुडीह स्थित 100 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सिविल सर्जन और स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय के अधिकारियों से फोन पर बात कर अस्पताल की स्थिति की जानकारी ली और इसे जल्द से जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद चांडिल अनुमंडल और आसपास के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अलावा बैठक में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक पर भी चर्चा हुई। विधायक ने वन विभाग के डीएफओ से बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र कार्रवाई करने और ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की। बैठक में जिला प्रभारी बेलस तिर्की, जिलाध्यक्ष राज बागची, कार्यकारी जिलाध्यक्ष तरुण डे, सुनील सहाय, सानू रहमान, बुद्धेश्वर मांझी, पशुपति सिंह सरदार, प्रभु सिंह, मनमन सिंह, सिद्धू मुंडा, भीम सिंह मुंडा, विपद तारण महतो, दुर्योधन गोप, तस्लीमा मलिक, तरुण प्रामाणिक, उपेंद्र गिरी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

Next Story