झारखंड

Chaibasa: IED ब्लास्ट में जवान घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची

Tara Tandi
12 May 2025 7:27 PM IST
Chaibasa: IED ब्लास्ट में जवान घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची
x
Chaibasa चाईबासा : आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल हो गया है. झारखंड जगुआर 101 बटालियन के जवान मनोज कुमार दमाई को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है.
यह घटना सोमवार को जिले के छोटा नगड़ा थाना क्षेत्र के जंगल में हुई है. फिलहाल घायल जवान की स्थिति खतरे से बाहर है.
जानकारी के अनुसार, इनामी माओवादी अनल के दस्ते की तलाश में झारखंड जगुआर और कोबरा बटालियन सर्च अभियान पर निकली थी.
इसी दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाये गये आईईडी पर मनोज कुमार दमाई का पैर आ गया. जिससे आईईडी विस्फोट हुआ और जवान घायल हो गया.
बताया जाता है कि इस दौरान सुरक्षा बलों एंव नक्सलियों के बीच फायरिंग भी हुई है. घटना के बाद सर्च ऑपरेशन में शामिल जवानों ने अभियान को तेज कर दिया है.
एक माह पहले आईईडी ब्लास्ट में एक जवान की हुई थी मौत :
उल्लेखनीय है कि बीते 12 अप्रैल को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद हुए आईईडी ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हुए जवान सुनील धान की मौत हो गयी थी. यह घटना जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान हुई थी.
नक्सली कमांडर अपने दस्ते के साथ सक्रिय :
बता दें कि सारंडा जंगली क्षेत्र में काफी संख्या में नक्सली कमांडर अपने दस्ते के साथ सक्रिय हैं. उन्होंने जगह-जगह आईईडी बिछा रखा है, जिस पर पैर पड़ते ही या हल्का प्रेशर बनते ही विस्फोट हो जाता है. इन विस्फोटों में अब तक कई जवानों की जान जा चुकी है.
वहीं दूसरी ओर सुरक्षाबल लगातार इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. लगभग हर दिन आईईडी बरामद किए जा रहे हैं. साथ ही कई नक्सल डंप को भी ध्वस्त किया जा रहा है.
सारंडा जंगल नक्सल प्रभावित क्षेत्र है. यहां नक्सली गतिविधियां होती रहती हैं. प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो समेत अन्य नक्सली अपने दस्ते के साथ सारंडा व कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि को अंजाम देने के लिए भ्रमणशील हैं.
इसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर व सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
Next Story