झारखंड

बजट प्रस्ताव से उत्तरी छोटानागपुर के शहरों की चमक बढ़ेगी

Admindelhi1
29 Feb 2024 6:30 AM GMT
बजट प्रस्ताव से उत्तरी छोटानागपुर के शहरों की चमक बढ़ेगी
x

धनबाद: वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बजट प्रस्ताव से उत्तरी छोटानागपुर के शहर अब और चमकेंगे। पलामू प्रमंडल पानी का धनी बनेगा। बजट में 300 किलोमीटर तक बहने वाले दामोदर नद को नमामि गंगे योजना में शामिल करते हुए केंद्र सरकार द्वारा फुसरो, रामगढ़ और धनबाद शहर में इंटरसेप्शन एंड डायर्वसन आधारित सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना को स्वीकृति दी गई है। 68.75 करोड़ की लागत से फुसरो शहर के लिए 14 एमएलडी क्षमता की एसटीपी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसी वर्ष उक्त योजना को पूरा कर लिया जाएगा। रामगढ़ शहर के लिए 310 करोड़ की लागत से 40 एमएलडी दक्षता की एसटीपी योजना है, जिसे 2026 तक पूरा किया जाएगा। धनबाद शहर के लिए 858.86 करोड़ की लागत से 192 एमएलडी क्षमता की एसटीपी परियोजना का निर्माण होना है। टेंडर प्रक्रिया में है।

● पूर्वी सिंहभूम में 11 लीडर स्कूल शुरू किए जाएंगे। पश्चिम सिंहभूम में 18 और सरायकेला में नौ लीडर स्कूल खुलेंगे।

● चाईबासा में कोल्हान के दूसरे मनोचिकित्सा केंद्र की स्थापना होगी।

● कोल्हान के सुदूरवर्ती गांवों में चलंत ग्राम क्लीनिक से आदिम जनजातियों का इलाज होगा।

● झारखंड सरकार के बजट से कोल्हान में अधूरी पड़ी जल जीवन मिशन योजना की पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है।

पलामू नेतरहाट टूरिस्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी का गठन: पलामू प्रमंडल के लिए बजट में कई घोषणाएं हैं। पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले के पर्यटन क्षेत्र नेतरहाट को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने के उद्देश्य से नेतरहाट टूरिस्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी का गठन किया गया है। पलामू जिला के लिए 456.63 करोड़ की सिंचाई योजना की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस योजना से पलामू के चैनपुर, मेदिनीनगर, सतबरवा, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज के किसान लाभांवित होंगे। वहीं अमृत 2.0 मिशन के तहत पलामू प्रमंडल के हरिहरगंज, छत्तरपुर, गढ़वा जिले के श्रीवंशीधरनगर में जलापूर्ति योजना की शुरुआत होगी।

शहरी जलापूर्ति योजना के तहत राज्य संपोषित मद से लातेहार में जलापूर्ति योजना शुरू होगी।

इसबार के बजट में दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल को मेडिकल कॉलेज, सोलर मिनी शीत गृह, सड़क और जलापूर्ति योजना का लाभ मिला है। प्रमंडल के मुख्यालय रांची में मेडिकल कॉलेज बनेगा। खूंटी और लोहरदगा को जलापूर्ति योजना से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रमंडल के आदिवासी गांवों में अखड़ा खुलेगा। रांची में मेडिकल कॉलेज बनने से इस प्रमंडल के लोगों को राहत होगी। प्रमंडल के खूंटी, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा जिले के जनजातीय गांवों में इको प्रेंडली सोलर मिनी शीत गृह का निर्माण किया जाएगा। इन इलाकों में मिनी शीतगृह बनने से किसान अपनी सब्जी और दूसरे उत्पाद यहां रख सकेंगे। ये शीत गृह सौर ऊर्जा से संचालित होंगे। छोटे किसानों को ध्यान में रखकर यह योजना शुरू की जा रही है। अभी छोटे किसान सब्जी और अपने कम उत्पाद शीत गृह में नहीं रख पाते हैं।

इस कारण सब्जी और अन्य उत्पाद खराब हो जाते हैं। प्रमंडल के सभी जनजातीय गांवों में अखरा का निर्माण किया जाएगा। इन अखरा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की आपूर्ति भी सरकार करेगी। इसका उद्देश्य जनजातीय कला और संस्कृति को बचाते हुए लोगों को जोड़ना है। वहीं, खूंटी जिले को शहरी जलापूर्ति योजना से भी जोड़ा जाएगा। चरणबद्ध तरीके से जिले के शहरों को इस योजना से जोड़ते हुए घरों तक पाइप से जलापूर्ति की जाएगी। इसकी घोषणा बजट में की गई है और इसके लिए राशि की व्यस्था भी कर दी गई है। लोहरदगा जिले में अमृत 2.0 मिशन के तहत जलापूर्ति योजना शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रमंडल के मुख्यालय रांची में कई नई सड़कों का निर्माण, नई फ्लाईओवर और पहुंच पथों का निर्माण भी किया जाएगा।

Next Story