झारखंड

जेठ ने कुल्हाड़ी से की मां और बेटी की हत्या

Saba Naaz
28 Jun 2026 3:59 PM IST
जेठ ने कुल्हाड़ी से की मां और बेटी की हत्या
x

चाईबासा: दिल दहला देने वाली वारदात, अंधविश्वास में मां-बेटी की हत्या चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव में अंधविश्वास के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बड़े भाई रमाये बिरूवा ने अपने छोटे भाई की गर्भवती पत्नी और 8 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. यह वारदात डायन-बिसाही के शक और पारिवारिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर आरोपी रमाये बिरूवा नशे की हालत में अपने छोटे भाई दोकोल सिंह बिरूवा के घर में घुसा. उस समय उसकी 8 वर्षीय भतीजी शर्मिला घर के पास बैठकर खाना खा रही थी. आरोपी ने अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. बच्ची की चीख सुनकर उसकी गर्भवती मां ननिका बिरूवा उसे बचाने दौड़ी, लेकिन आरोपी ने उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के वक्त घर में मौजूद अन्य बच्चों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. पीड़ित पिता उस समय जंगल में मवेशी चराने गया हुआ था. लौटने पर उसने पत्नी और बेटी को खून से लथपथ पाया. परिजनों के अनुसार आरोपी संतान न होने को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव और अंधविश्वास में था. वह अक्सर नशे में रहता था और पारिवारिक विवाद भी चलता था. इसी रंजिश और अंधविश्वास के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आरोपी को रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है और मामले की जांच जारी है.

Next Story