झारखंड

बोकारो लॉज: सड़ा-गला हालत में मिला शव

Saba Naaz
19 Jun 2026 8:35 PM IST
बोकारो लॉज: सड़ा-गला हालत में मिला शव
x

Jharkhand: बोकारो के चास थाना क्षेत्र स्थित चेक पोस्ट के पास शिवा लॉज में शुक्रवार को एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई। लॉज के तीसरे तल्ले के कमरा नंबर 15 से धनबाद के रहने वाले एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव फंदे से पंखे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कमरे से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान लक्ष्मण साव (45 वर्ष), निवासी जयप्रकाश नगर, धनबाद के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर चास एएसपी वेदांत शंकर और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सूचना पर मृतक के परिजन भी बोकारो पहुंचे और संदेहास्पद मौत की जांच की मांग की। इसके बाद वे शव को अपने साथ धनबाद ले गए। मौके पर फॉरेंसिक टीम और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि लक्ष्मण साव तीन दिन पहले लॉज में आया था, जबकि कमरा अजय साव के नाम से बुक किया गया था। शुक्रवार को लॉज स्टाफ को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ। दरवाजा खोले जाने पर शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या हत्या कर शव को लटकाया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कमरे की बुकिंग कराने वाले अजय साव की तलाश जारी है। साथ ही पिछले तीन दिनों में मृतक से मिलने आए लोगों की भी जांच की जा रही है।

लॉज परिसर से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस ने रिसेप्शन रजिस्टर और विजिटर्स रिकॉर्ड को भी कब्जे में लिया है। आसपास के लोगों में घटना के बाद हड़कंप मच गया।

चास एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर काम हो रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Next Story