झारखंड

आदित्यपुर में बाइक सवार बदमाशों ने छीनी चेन

Saba Naaz
22 July 2026 8:21 PM IST
आदित्यपुर में बाइक सवार बदमाशों ने छीनी चेन
x

सरायकेला। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बुधवार तड़के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है।

पीड़ित महिला की पहचान बबिता सिंह, पति दिलीप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बबिता सिंह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान नायक होटल के पास बाइक सवार दो युवक उनके करीब पहुंचे और अचानक उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से भाग निकले।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची आदित्यपुर थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक पर सवार दोनों बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।

सीसीटीवी जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया। बाइक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने और जांच को गुमराह करने के उद्देश्य से ऐसा किया होगा। बाइक चला रहा युवक हाफ पैंट पहने हुए दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं लगातार चिंता का विषय बन रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। उनका कहना है कि सुबह के समय भी अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद स्थानीय पार्षद मनोरमा देवी ने भी पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरआईटी मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग जरूरी है। साथ ही पुराने अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि कुछ इलाकों में संदिग्ध गतिविधियां बढ़ रही हैं और समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।

फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बाइक की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story