झारखंड

दुमका में लैम्पस संचालन को लेकर बड़ी पहल

Rajeshwari Nishad
27 Jun 2026 7:46 PM IST
दुमका में लैम्पस संचालन को लेकर बड़ी पहल
x

दुमका/हंसडीहा। दुमका जिले के हंसडीहा क्षेत्र में करीब आठ वर्षों से बंद पड़ा लैम्पस (बहुउद्देशीय सहकारी समिति) अब फिर से शुरू होने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) के हस्तक्षेप के बाद गोदाम की चाबी लैम्पस प्रबंधन को सौंप दी गई है, जिससे किसानों के लिए खाद, बीज और अन्य सहकारी सुविधाएं दोबारा उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को हंसडीहा पंचायत सचिवालय में सहकारी सप्ताह समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम 29 जून से 6 जुलाई तक केंद्र सरकार के निर्देश पर मनाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जिला सहकारिता पदाधिकारी कर्मवीर मेहता ने की। इसमें सरैयाहाट, रामगढ़ और जरमुंडी प्रखंड के सहकारिता पदाधिकारी, लैम्पस अध्यक्ष और सहायक प्रबंधक शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि 29 जून को शपथ ग्रहण के साथ सहकारी सप्ताह की शुरुआत होगी, जिसके बाद सदस्यता अभियान, पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। सहकारी समितियों को मजबूत करने के लिए कई गतिविधियां भी की जाएंगी।

बैठक के दौरान स्थानीय मुखिया आशा हेंब्रम ने किसानों की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि लैम्पस बंद रहने से किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस पर डीसीओ ने कार्रवाई करते हुए लैम्पस प्रबंधक से जानकारी ली। बताया गया कि पुराना भवन जर्जर होने के कारण संचालन बंद हुआ था, लेकिन हटिया मैदान स्थित गोदाम से संचालन संभव है। लंबे समय से गोदाम की चाबी उपलब्ध नहीं होने से काम रुका हुआ था।

स्थिति को देखते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी ने तत्काल गोदाम की चाबी उपलब्ध कराई और लैम्पस प्रबंधन को सौंप दी। साथ ही जल्द संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए। इस निर्णय के बाद किसानों और जनप्रतिनिधियों ने राहत की भावना जताई। उनका कहना है कि लैम्पस शुरू होने से खेती से जुड़ी जरूरतें समय पर पूरी होंगी और उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा।

बैठक के अंत में पर्यावरण संरक्षण के तहत पौध वितरण भी किया गया। इस अवसर पर कई सहकारिता अधिकारी और लैम्पस प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story