झारखंड

भंडरिया थाना पुलिस ने सिकरिया गांव से गोवंश की हत्या कर गौमांस के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

Ritisha Jaiswal
30 July 2022 2:02 PM GMT
भंडरिया थाना पुलिस ने सिकरिया गांव से गोवंश की हत्या कर गौमांस के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
x
झारखंड के गढ़वा जिले के भंडरिया थाना पुलिस ने सिकरिया गांव से शनिवार को गोवंश की हत्या कर गौमांस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है

झारखंड के गढ़वा जिले के भंडरिया थाना पुलिस ने सिकरिया गांव से शनिवार को गोवंश की हत्या कर गौमांस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह ग्राम प्रधान का पुत्र है। छापेमारी के दौरान भनक लगते ही अन्य तीन लोग फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपित सिकरिया गांव के प्रधान अमरनाथ केरकेट्टा का पुत्र संत प्यारेलाल केरकेट्टा बताया जा रहा है। आवश्यक प्रक्रिया के उपरांत पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया है।

पुलिस के आने की सूचना मिलते ही तीन लोग मौके से भागे
जानकारी के अनुसार, सिकरिया गांव से सटे जंगल में शुक्रवार शाम कुछ लोगों द्वारा गोवंश की हत्या किए जाने की भनक ग्रामीणों को लगी। छानबीन के लिए शनिवार सुबह ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी होने लगी। इसी क्रम में इसकी सूचना भंडरिया थाने की पुलिस को भी हो गई। भंडरिया पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल से गौमांस के साथ संत प्यारेलाल केरकेट्टा को पुलिस गिरफ्तार कर लिया। जबकि वहां मौजूद तीन अन्य लोग फरार हो गए।
दो घंटे तक धरना देते रहे हिन्दू युवा, समझाने पर जाम हटाया
इसकी जानकारी मिलते ही हिन्दू समाज के युवा इस तरह की घटना से आक्रोशित हो गए। घटना में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कुछ देर के लिए भंडरिया बाजार को बंद करा दिया। साथ ही देवी मंडप चौक के समीप धरने पर बैठ गए। गौ हत्या बंद करो, गौ हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दो... आदि नारे लगाने लगे। इसकी सूचना मिलने पर भंडरिया अंचलाधिकारी मदन महली, प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार भारती व थाना प्रभारी संजय कुमार खाखा धरना स्थल पहुंचे। युवाओं को समझाते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे तक चले मान-मनौवल के बाद युवाओं द्वारा जाम हटा गया।
3500 रुपये में बछड़ा खरीद कर हत्या की, बेच रहा था मांस
थाना प्रभारी संजय कुमार खाखा ने बताया कि आरोपित संत प्यारेलाल केरकेट्टा अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर भंडरिया के ही बिनु केरकेट्टा द्वारा बछड़े को 3500 रुपये में खरीद कर जंगल में ले गया। वहां बछड़े की हत्या कर उसके मांस की बिक्री कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर गोवंश की कुछ अवशेष प्राप्त हुए हैं, जिसे जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे तथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Next Story