झारखंड

हमारी सरकार को गिराने के लिए सुपारी दी गई, लेकिन भाजपा की साजिशें सफल नहीं होने वाली: CM हेमंत सोरेन

Admin Delhi 1
14 Feb 2023 7:04 AM GMT
हमारी सरकार को गिराने के लिए सुपारी दी गई, लेकिन भाजपा की साजिशें सफल नहीं होने वाली: CM हेमंत सोरेन
x

रांची न्यूज: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि जिस दिन से झारखंड में हमारी सरकार बनी, उसी दिन से भाजपा हमें अपदस्थ करने की साजिशों में जुट गई। हमारी सरकार को गिराने के लिए सुपारी दे दी गई। एजेंसियों को हमारे पीछे लगा दिया गया। लेकिन विपक्ष की साजिश किसी हाल में सफल नहीं होने वाली। इसके लिए उन्हें सात जन्म लेना होगा। सोरेन सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से निकाली गई खतियानी जोहार यात्रा के तहत चतरा जिला मुख्यालय के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हमने झारखंड के स्थानीय लोगों को तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में हक देने के लिए 1932 का खतियान आधारित स्थानीय नीति बनाई तो बाहरी लोगों के पेट में दर्द होने लगा। असल में बाहर के लोगों ने झारखंड को दोनों हाथों से लूटा है। उन्होंने निजी कंपनियों से कहा है कि 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को जगह दें। प्रदेश में कार्य कर रही निजी कंपनियों की समीक्षा की जाएगी।

झारखंड अलग राज्य की स्थापना के लिए हुए संघर्ष की चर्चा करते हुए सोरेन ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए यहां के मूलवासी तथा आदिवासी समुदाय के वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी है? इनका मुख्य उद्देश्य यहां के मूलवासी तथा आदिवासी समुदाय को उनका हक तथा अधिकार देना था। बहुत लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2000 में झारखंड राज्य अलग हुआ, परंतु हमारा राज्य विकास के पैमानों पर पिछड़ा रह गया। हमारी सरकार इस चिंतन के साथ राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर दिशा देने का कार्य निरंतर कर रही है। सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों से राज्य की जनता में खुशी है। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, पारा शिक्षक एवं सरकारी कर्मचारियों को हमारी सरकार ने उनका हक और अधिकार देने का काम किया है। राज्य की जनता ने सरकार के फैसलों का जोरदार स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने महंगाई को लेकर भी केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब उसके नेताओं को महंगाई डायन लगती थी और अब भौजाई हो गई है। सभा को स्थानीय विधायक सह मंत्रिपरिषद के सहयोगी सत्यानंद भोगता ने भी संबोधित किया।

Next Story