झारखंड

पेड़ से टकराई बाराती बोलेरो, 7 गंभीर रूप से घायल

Rani Sahu
3 May 2022 12:07 PM GMT
पेड़ से टकराई बाराती बोलेरो, 7 गंभीर रूप से घायल
x
झारखंड के गढ़वा में शादी से लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो की पेड़ से इतनी जोरदार टक्कर हुई कि गाड़ी के बोनट के परखच्चे उड़ गए

झारखंड के गढ़वा में शादी से लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो की पेड़ से इतनी जोरदार टक्कर हुई कि गाड़ी के बोनट के परखच्चे उड़ गए। भवनाथपुर-श्रीबंशीधर मुख्य मार्ग पर शिवपूजन पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को यह हादसा हुआ। घटना में बोलेरो पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद में भर्ती कराया गया।

घायलों में छतीसगढ़ के बलरामपुर के गाजर निवासी 50 वर्षीय लालचंद यादव, 55 वर्षीय रामबदन यादव, 48 वर्षीय रघुबीर यादव, 30 वर्षीय रामजन्म यादव, रामनारायण यादव के 15 वर्षीय पुत्र अनुपम यादव, राजदेव यादव के 16 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र कुमार यादव और संजय यादव के 15 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार यादव शामिल हैं।
घायल अवस्था में सभी को स्थानीय लोगों की मदद से भवनाथपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य केन्द्र के डॉ नीतीश भारती द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक केतार के परती गांव निवासी रामदयाल यादव के घर बेटी की शादी में बारात आई थी। समारोह में भाग लेने के बाद बराती को लेकर गाड़ी वापस लौट रही थी। तेज गति और चालक की लापरवाही की वजह से सड़क के दूसरे किनारे स्थित पेड़ में जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बोलेरो को कब्जे में ले लिया। पुलिस गाड़ी को अपने साथ थाने ले गई और घटना की पड़ताल में जुट गई है।


Next Story