झारखंड

बैजनाथ राम: राज्यसभा जीत के बाद पहला दौरा

Saba Naaz
19 Jun 2026 9:19 PM IST
बैजनाथ राम: राज्यसभा जीत के बाद पहला दौरा
x

Jharkhand: राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद झामुमो के नवनिर्वाचित सांसद बैजनाथ राम शुक्रवार को लातेहार पहुंचे, जहां उनका पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। झामुमो जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जीत की बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। राज्यसभा चुनाव में सफलता के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे बैजनाथ राम के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे परिसर में नारेबाजी के साथ माहौल जोशीला बना रहा।

पत्रकारों से बातचीत में बैजनाथ राम ने कहा कि झारखंड का समग्र विकास उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि राज्य खनिज संसाधनों से भरपूर है और इन संसाधनों पर आधारित लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उनका कहना था कि यदि खनिज संपदा का सही उपयोग किया जाए तो राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में संचालित कंपनियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।

बैजनाथ राम ने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या पर भी रोक लगेगी और क्षेत्र के युवाओं को अपने ही इलाके में काम मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि वे जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया और कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें राज्यसभा भेजा गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका कहना था कि झारखंड की आवाज को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा और राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

Next Story