झारखंड

पिठोरिया में गिरफ्तारी अभियान, वारंटी भी दबोचे गए

Saba Naaz
19 Jun 2026 3:43 PM IST
पिठोरिया में गिरफ्तारी अभियान, वारंटी भी दबोचे गए
x

Jharkhand: रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे चार अभियुक्तों और वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना और लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को चिन्हित कर छापेमारी की और उन्हें गिरफ्तार किया।

पुराने चोरी मामले में गिरफ्तारी

पुलिस ने पिठोरिया थाना कांड संख्या 119/19 के तहत दर्ज मामले में आरोपी रिजवान कुरैशी को गिरफ्तार किया है। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 461 और 379 के तहत मामला दर्ज था। वह पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था।

अन्य मामलों में भी कार्रवाई

इसके अलावा पुलिस ने कांड संख्या 160/25 के प्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद कलाम अंसारी को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही जीआर संख्या 287/12 के वारंटी सुबेर अंसारी और कंप्लेन केस संख्या 619/19 के वारंटी जावेद अख्तर को भी पकड़ा गया है। सभी आरोपी पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं।

न्यायालय में पेशी और न्यायिक हिरासत

गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

पुलिस का सख्त संदेश

थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर शिकंजा कसना है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि पुलिस अब पुराने मामलों में भी लगातार सक्रिय है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दे रही है।

Next Story