झारखंड

सेना ने सुरक्षित तरीके से नष्ट किया शक्तिशाली बम

Saba Naaz
26 Jun 2026 7:50 PM IST
सेना ने सुरक्षित तरीके से नष्ट किया शक्तिशाली बम
x

झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में खेत से मिले एक शक्तिशाली विस्फोटक को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई बेहद सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई, जिसमें सेना, सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

जानकारी के अनुसार, खेत में मिले इस बम को शुक्रवार को सेना ने नियंत्रित विस्फोट (कंट्रोल्ड ब्लास्ट) के जरिए नष्ट किया। सेना ने अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए करीब 150 मीटर दूर से इसे डिफ्यूज किया। जैसे ही बटन दबाया गया, जोरदार धमाका हुआ और पूरा इलाका गूंज उठा। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि जमीन पर लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया।

इस ऑपरेशन का नेतृत्व भारतीय सेना की 23 इन्फेंट्री डिविजन के कर्नल धर्मेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञों ने पूरे अभियान को अंजाम दिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग 300 मीटर का दायरा नो-गो जोन घोषित किया गया था, ताकि किसी भी ग्रामीण या बाहरी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।

हालांकि विस्फोट के दौरान स्प्लिंटर्स लगभग 400 मीटर दूर तक जा गिरे, जिससे बानसिंह हेम्ब्रम के घर की एस्बेस्टस शीट क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

ऑपरेशन दोपहर 1 बजे निर्धारित था, लेकिन खराब मौसम और वज्रपात के कारण इसे कुछ घंटों के लिए रोकना पड़ा। बाद में मौसम सामान्य होने पर शाम 3:14 बजे दोबारा कार्रवाई शुरू की गई और बम को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया।

सेना ने बताया कि बरामद विस्फोटक संभवतः तोप में इस्तेमाल होने वाला पुराना गोला है, जिस पर जंग लग चुकी थी। फिलहाल इसके अवशेषों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, ताकि इसकी उम्र और तकनीकी जानकारी का पता चल सके।

पूरे अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित करने के बाद ही ऑपरेशन को पूरा घोषित किया गया। धमाके के बाद ग्रामीणों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली और इलाके में सुरक्षा बहाल कर दी गई।

Next Story