झारखंड

स्टील अथॉरिटी में प्रशासनिक बदलाव, कई अधिकारी बदले

Saba Naaz
18 July 2026 6:14 PM IST
स्टील अथॉरिटी में प्रशासनिक बदलाव, कई अधिकारी बदले
x

झारखण्ड: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अपने शीर्ष स्तर के अधिकारियों में बड़ा फेरबदल किया है। कंपनी ने उत्पादन, विपणन, खनन और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई अधिकारियों के स्थानांतरण और नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इस बदलाव में अधिशासी निदेशक से लेकर सहायक प्रबंधक स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस फेरबदल में सबसे प्रमुख बदलाव बोकारो स्टील प्लांट (BSL) से जुड़ा है। झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) सुधीर शर्मा को बीएसएल के प्रोजेक्ट माइंस विभाग का नया मुख्य महाप्रबंधक बनाया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी हेमू टोप्पो के स्थान पर दी गई है, जिन्हें अब सेल की रांची इकाई में भेजा गया है।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि अधिकारियों के इस स्थानांतरण का उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाना, खनन गतिविधियों को गति देना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। सेल देश की प्रमुख इस्पात कंपनियों में शामिल है और लगातार अपनी उत्पादन क्षमता और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए संगठनात्मक बदलाव करता रहता है।

सेल कोलकाता मुख्यालय के अधिशासी निदेशक विपणन एवं सेवाएं अनिल कुमार अरोड़ा को ईडी कमर्शियल के पद पर स्थानांतरित करते हुए नई दिल्ली भेजा गया है। वहीं कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी अलग-अलग इकाइयों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

धनबाद कोलियरी डिवीजन के सीजीएम राजीव तिवारी को झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस में सीजीएम ऑपरेशन की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह राउरकेला इस्पात संयंत्र के सीजीएम नगर सेवा एवं उद्यान विजय कुमार को सीजीएम एडमिनिस्ट्रेशन, कॉरपोरेट ऑफिस नई दिल्ली भेजा गया है।

कॉरपोरेट ऑफिस नई दिल्ली के सीजीएम एडमिनिस्ट्रेशन सीएम चौग को राउरकेला इस्पात संयंत्र में सीजीएम नगर सेवा एवं उद्यान बनाया गया है। वहीं इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के सीजीएम नगर सेवा एवं सीएसआर विजेंद्र वीर को सीजीएम इंटरनल ऑडिट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा सेल की कई इकाइयों में विपणन और बिक्री विभाग के अधिकारियों में भी बदलाव किया गया है। कोलकाता माइंस इकाई के सीजीएम ऑपरेशन एन. अरविंद को सलेम इस्पात संयंत्र में सीजीएम मार्केटिंग बनाया गया है। सीएमओ राउरकेला के सीजीएम सेल्स सिद्धार्थ बनर्जी को कोलकाता मुख्यालय में सीजीएम सेल्स की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सीएमओ कोलकाता मुख्यालय के सीजीएम सेल्स पंकज त्रिपाठी को सीजीएम मार्केटिंग कोलकाता मुख्यालय भेजा गया है।

दुर्गापुर इस्पात संयंत्र के जीएम कार्मिक अजीत कुमार सिंह को इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में नई जिम्मेदारी मिली है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीजीएम माइंस विश्वनाथ दास को सीजीएम एसएमएस-2 विभाग भिलाई में पदस्थ किया गया है।

मध्यम और कनिष्ठ स्तर के अधिकारियों में भी बदलाव किया गया है। इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के एजीएम मोहम्मद कसीम को सलेम इस्पात संयंत्र भेजा गया है। सीएमओ हैदराबाद की एजीएम फाइनेंस मेरी रीना को सलेम इस्पात संयंत्र में नई जिम्मेदारी मिली है। राउरकेला इस्पात संयंत्र के एजीएम अनिकेत चंद्रा को दुर्गापुर इस्पात संयंत्र भेजा गया है।

वहीं चासनाला कोलियरी के डिप्टी मैनेजर प्रभात कुमार रंजन को इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र और इस्को बर्नपुर के असिस्टेंट मैनेजर प्रोजेक्ट तपस कुमार मंडल को दुर्गापुर इस्पात संयंत्र में स्थानांतरित किया गया है।

SAIL प्रबंधन के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को कंपनी की कार्यक्षमता बढ़ाने और भविष्य की उत्पादन योजनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग कर कंपनी की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे।

Next Story