
Jharkhand: बोकारो पुलिस ने चेन छिनतई की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद और ओडिशा से जुड़े 5 शातिर चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने इनके पास से सोने जैसा दिखने वाला लॉकेट, बाइक, नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय चेन स्नेचिंग गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, बोकारो और चास क्षेत्र में लगातार महिलाओं के साथ चेन छिनतई की घटनाएं हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी और चास एएसपी के नेतृत्व में दो विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। स्थानीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के जाजपुर निवासी भोला दास, जबकि धनबाद के चार युवक राणा उर्फ रजनीश, बिट्टू कुमार सिंह, श्रवण सिन्हा और परमानंद कुमार वर्मा शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह कई जिलों में चेन छिनतई की वारदातों में शामिल रहा है, जिसमें गिरिडीह, रामगढ़ और बोकारो के विभिन्न इलाके शामिल हैं। एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन और गहनों की छिनतई करते थे। भोला दास पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने धनबाद में छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को स्वीकार भी किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चास और बोकारो में लोगों को राहत मिली है। अधिकारियों ने कहा है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।





