
RANCHI रांची : जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर मामले को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों – दानिश कुरैशी और उसके चालक मो. साउद काजी – को गिरफ्तार किया। तमाड़ निवासी करीना देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां प्रमिला देवी 24 अगस्त को कांटाटोली निवासी नसीम कुरैशी के घर गई थीं, लेकिन लौटकर नहीं आईं। मोबाइल भी बंद मिला। मामले की गंभीरता देखते हुए विशेष जांच टीम बनाई गई।
पुलिस पूछताछ में दानिश ने कबूल किया कि उसके पिता और प्रमिला देवी के अवैध संबंधों को लेकर परिवार में विवाद होता था। इसी कारण उसने योजना बनाकर हत्या की। 24 अगस्त को उसने प्रमिला देवी को गाड़ी में बैठाया, शराब पिलाई और नशे की हालत में गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को टाटा-रांची मार्ग पर उलीडीह के पास फेंककर गाड़ी चढ़ाई, ताकि दुर्घटना लगे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो जब्त कर ली। दानिश के खिलाफ पहले से अड़की और लोअरबाजार थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं।





