झारखंड

छात्रा ने कट पेंसिल से बनाया राष्ट्रपति का चित्र, द्रौपदी मुर्मु को किया भेंट

Admindelhi1
16 Nov 2026 12:59 PM IST
छात्रा ने कट पेंसिल से बनाया राष्ट्रपति का चित्र, द्रौपदी मुर्मु को किया भेंट
x
छात्रा श्रीजय रॉय ने राष्ट्रपति को भेंट की हाथों से बनाई सोहराई पेंटिंग

गिरिडीह: बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से हर वर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष बाल दिवस झारखंड के गिरिडीह स्थित बीएन साहा डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। स्कूल के विद्यार्थियों को राष्ट्रपति सचिवालय के आमंत्रण पर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने और उनके साथ बाल दिवस मनाने का अवसर मिला।

शनिवार, 14 नवंबर को राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को पूरे लगन, समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

इस अवसर पर बीएन साहा डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा श्रीजय रॉय ने राष्ट्रपति को स्वयं बनाई झारखंड की पारंपरिक सोहराई पेंटिंग भेंट की। इसके अलावा उन्होंने कट पेंसिल से राष्ट्रपति का बनाया हुआ चित्र भी उन्हें उपहार स्वरूप दिया। राष्ट्रपति ने छात्रा की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की और सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति के साथ विद्यार्थियों का फोटो सेशन भी हुआ। इस मुलाकात ने बच्चों के लिए बाल दिवस को विशेष और अविस्मरणीय बना दिया।

इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने बताया कि विद्यार्थियों को राष्ट्रपति से मुलाकात का अवसर दिलाने में राष्ट्रपति सचिवालय के साथ-साथ गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव और राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने इस अवसर को विद्यार्थियों के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी बताया।

Next Story