झारखंड

सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार, सड़क हादसे में 13 मौतों ने उजाड़ दिया पूरा घर

jantaserishta.com
29 Nov 2026 9:53 AM IST
सरकारी नौकरी की खुशी में मंदिर जा रहा था परिवार, सड़क हादसे में 13 मौतों ने उजाड़ दिया पूरा घर
x
पत्नी की सरकारी स्कूल में टीचर के रूप में नौकरी लगने की खुशी परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं थी.
रामगढ़: घर में खुशी का माहौल था। पत्नी की सरकारी स्कूल में टीचर के रूप में नौकरी लगने की खुशी परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं थी। इसी खुशी और आस्था के साथ परिवार मां छिन्नमस्तिका के दर्शन के लिए रजरप्पा जा रहा था।
लेकिन रास्ते में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एक ही परिवार के कई सदस्यों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। जिस घर में नई शुरुआत और भविष्य के सपने संजोए जा रहे थे, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है।
झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी के पास शनिवार देर रात हुए हादसे में बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के 13 लोगों की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु स्कॉर्पियो से रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली कुमारी (16), बेटे शुभम कुमार (12) और छोटे बेटे अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन (22), सिंटू कुमार (25) और राजेश (23), बहन किरण कुमारी, किरण के पति और बेटे तथा वाहन चालक नंदन कुमार के रूप में हुई है।
विवेकानंद मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक थे। परिवार के साथ स्कूल से जुड़े लोग और रिश्तेदार भी इस यात्रा में शामिल थे। परिजनों के मुताबिक, अमृता देवी की शिक्षक पद पर नियुक्ति हुई थी। इसी खुशी में परिवार ने रजरप्पा मंदिर में पूजा करने का कार्यक्रम बनाया था। लेकिन यह परिवार के लिए आखिरी यात्रा साबित हुई। हादसे में विवेकानंद, उनकी पत्नी, मां और बच्चों समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत ने गांव में शोक की गहरी छाया डाल दी है।
इस भीषण हादसे पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रामगढ़ में पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story