झारखंड

अज्ञात वाहन की चपेट में आया बच्चा, मौके पर ही मौत

Saba Naaz
28 Jun 2026 6:24 PM IST
अज्ञात वाहन की चपेट में आया बच्चा, मौके पर ही मौत
x

झारखण्ड: गढ़वा जिले के भंडरिया-रमकंडा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। टेढ़ीपरास गांव के पास हुए इस हादसे में अज्ञात वाहन ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और परिवार में मातम छा गया।

मृतक बच्चे की पहचान महुगाई गांव निवासी वीरेंद्र भुइयां के ढाई वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे बच्चा घर से बाहर आम चुनने के लिए निकला था। इसी दौरान रामानुजगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक बच्चे की पारिवारिक स्थिति बेहद कमजोर थी। उसकी मां लगभग दो साल पहले घर छोड़कर चली गई थी, जबकि पिता रोजगार के लिए दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। ऐसे में बच्चे की देखभाल पड़ोसियों के सहारे हो रही थी। घटना की सूचना मिलते ही भंडरिया थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही वाहन को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

Next Story